अयोध्या में दो नगर पंचायतों के नाम बदले जाएंगे, सीएम योगी ने मंच से किया बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या दौरे के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए जिले की दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा की, मुख्यमंत्री ने कहा कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम अब ‘मां ज्वाला जी’ होगा, जबकि भदरसा नगर पंचायत को ‘भरतनगर-भरत कुंड’ के नाम से जाना जाएगा।
432 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के सोहावल विकास खंड परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए करीब 432 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को और मजबूत करने के उद्देश्य से इन नगर पंचायतों के नाम बदले जा रहे हैं।
खिरौनी-सुचित्तागंज का नया नाम होगा ‘मां ज्वाला जी’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला जी के नाम पर रखने की मांग की जा रही थी, उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अब यह नगर पंचायत ‘मां ज्वाला जी नगर पंचायत’ के नाम से जानी जाएगी।
भदरसा अब कहलाएगा ‘भरतनगर-भरत कुंड’
मुख्यमंत्री ने दूसरी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर ‘भरतनगर-भरत कुंड’ किया जाएगा, उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के छोटे भाई भरत ने त्याग, समर्पण और धर्म पालन का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है, भरत कुंड भगवान राम के वनवास काल से जुड़ी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थली है, इसलिए इस क्षेत्र की पहचान को उसी गौरव से जोड़ा जाएगा।
भरत के आदर्शों का किया उल्लेख
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान राम के वनवास के दौरान भरत ने 14 वर्षों तक भरत कुंड के समीप रहकर उनकी चरण पादुकाओं के माध्यम से अयोध्या का शासन चलाया, उन्होंने कहा कि दुनिया में भरत जैसा भाई मिलना दुर्लभ है और अयोध्या का सौभाग्य है कि इस भूमि ने भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जैसे आदर्शों को जन्म दिया।
अयोध्या की वैश्विक पहचान पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में अयोध्या की अलग पहचान बन चुकी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं, उन्होंने कहा कि सरकार अयोध्या की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को और मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सपा पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा, उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ने के लिए लोगों को इकट्ठा करने का प्रयास किया गया था, उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या समाजवादी पार्टी कभी किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित करा सकती है।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद अयोध्या में दोनों नगर पंचायतों के नए नामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है, सरकार का मानना है कि इन बदलावों से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।






