Home Uncategorized हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाले क्या जामा...

हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाले क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा करा पाएंगे-सीएम योगी

29
0

अयोध्या, 10 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाले क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकते हैं? यदि नहीं, तो आस्था के साथ ऐसा खिलवाड़ क्यों किया गया? मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल आस्था का दिखावा करते हैं, जबकि भाजपा ने अयोध्या को सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज भव्य राम मंदिर साकार हुआ है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बीकापुर क्षेत्र के लिए 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में अयोध्या के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम अब मां ज्वाला नगर पंचायत होगा। वहीं भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतपुर-भरतकुंड नगर पंचायत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भरत जी के त्याग और आदर्श पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं और अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि सक्रिय हों और उनकी नीयत साफ हो, तो विकास तेजी से आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि बीकापुर, मिल्कीपुर, गोसाईगंज और रुदौली में इसका स्पष्ट उदाहरण देखने को मिल रहा है। आज अयोध्या देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक शहरों में शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहने वाली अयोध्या आज आधुनिक सुविधाओं और आध्यात्मिक विरासत का अद्भुत संगम बन चुकी है। रामपथ, धर्मपथ, भक्ति पथ, नए घाट, गुप्तार घाट, सूरजकुंड और भरतकुंड जैसे स्थलों का तेजी से विकास हुआ है। अयोध्या अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप सोलर सिटी के रूप में भी विकसित हो रही है।

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अयोध्या के विकास का विरोध कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने अपने शासनकाल में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं डालीं और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, आज वही लोग आस्था की राजनीति कर रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि श्रृंग्वेरपुर में वक्फ के नाम पर कब्जे कराए जा रहे थे, जबकि भाजपा सरकार ने वहां भगवान राम और निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा और स्मारक का निर्माण कराया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कानून-व्यवस्था और पिछड़ेपन से जुड़ी थी, लेकिन आज प्रदेश और अयोध्या दोनों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकास और विरासत का ऐसा समन्वय पहले कभी देखने को नहीं मिला।भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों से लड़ना अयोध्या की पहचान है और यही भावना प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here