रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ लगातार अपने चौंकाने वाले खुलासों की वजह से चर्चा में बना हुआ है। शो की कंटेस्टेंट और टीवी एक्टर गौरव खन्ना की पत्नी आकांक्षा चमोला ने एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। हाल ही में आकांक्षा ने शो में अपने और गौरव खन्ना के अलग रहने तथा संभावित तलाक की बात स्वीकार की थी। अब उन्होंने अपनी बाइसेक्सुअलिटी को लेकर भी खुलकर बात की है।
शो के लेटेस्ट एपिसोड में गौरव खन्ना ने सरप्राइज विजिटर के तौर पर एंट्री की और आकांक्षा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच कई भावुक पल देखने को मिले। वहीं शो की होस्ट फराह खान ने आकांक्षा के उस खुलासे पर चर्चा की, जिसमें उन्होंने खुद को बाईसेक्सुअल बताया था।
फराह खान ने गौरव खन्ना से पूछा कि क्या उन्हें आकांक्षा की सेक्शुअल पहचान के बारे में पहले से जानकारी थी। इस सवाल का जवाब देते हुए आकांक्षा ने साफ कहा कि गौरव इस बात से पहले से वाकिफ थे। उन्होंने बताया कि उनकी शादी से पहले ही गौरव को उनके बाइसेक्सुअल होने की जानकारी थी और उन्होंने कभी भी इस बात को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई।
आकांक्षा ने कहा, “गौरव को सब पता था और उन्होंने मुझे वैसे ही स्वीकार किया, जैसी मैं हूं।” इस दौरान गौरव खन्ना ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी रिश्ते की नींव विश्वास और स्वीकार्यता पर टिकी होती है। उन्होंने कहा कि जब आप किसी व्यक्ति से प्यार करते हैं, तो उसे पूरी तरह अपनाना चाहिए।
गौरव ने शो में कहा, “मैं हमेशा से मानता हूं कि अगर आप किसी को पसंद करते हैं तो उसे उसके पूरे व्यक्तित्व के साथ स्वीकार करना चाहिए। मैंने हमेशा यही किया है।” गौरव की इस बात पर आकांक्षा ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि वे काफी ओपन माइंडेड इंसान हैं और उन्होंने हमेशा उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश की।
इससे पहले भी आकांक्षा चमोला ने शो में खुलासा किया था कि शादी से पहले उनके कुछ महिलाओं के साथ रिश्ते रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे रिश्ते बहुत ज्यादा गंभीर या लंबे समय तक चलने वाले नहीं थे, लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी में महिलाओं के प्रति आकर्षण महसूस किया है। आकांक्षा ने कहा कि उन्हें महिलाओं के साथ खुद को ज्यादा सहज महसूस होता है और वे उनके लिए एक सुरक्षित स्पेस की तरह रही हैं।
‘लॉक अप 2’ के प्रीमियर एपिसोड में आकांक्षा ने यह भी बताया था कि वह और गौरव खन्ना पिछले करीब एक साल से अलग रह रहे हैं और दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया को लेकर बातचीत चल रही है। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर काफी चर्चा हुई थी।
हालांकि शो में गौरव और आकांक्षा की मुलाकात के दौरान दोनों के बीच सम्मान, समझदारी और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला। यही वजह है कि अब दर्शकों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या दोनों अपने रिश्ते को एक और मौका देंगे या फिर अलग होने का फैसला बरकरार रहेगा। फिलहाल इस पूरे मामले ने ‘लॉक अप 2’ को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।






