हर्रैया में सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- ‘बस्ती में लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बस्ती जिले के हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने प्रदेश में बिजली, कानून-व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के विकास और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर कई आरोप लगाए।
‘बस्ती में बिजली नहीं आती थी, लोग तारों पर कपड़े सुखाते थे’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले बस्ती में बिजली की स्थिति बेहद खराब थी, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे क्योंकि बिजली आती ही नहीं थी वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय विकास केवल सैफई तक सीमित था, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों की अनदेखी की जाती थी।
विधायक की तारीफ, विकास कार्यों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने हर्रैया के विधायक अजय सिंह की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में जनता ने अच्छा जनप्रतिनिधि चुना है, इसलिए विकास कार्य तेजी से हुए हैं, उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में हर्रैया और आसपास के क्षेत्रों में आजादी के बाद सबसे अधिक विकास हुआ है, साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में बाद के जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई।
कानून-व्यवस्था और दंगों पर विपक्ष को घेरा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे और सांप्रदायिक तनाव आम बात थे। उन्होंने दावा किया कि दुर्गा पूजा और रामनवमी जैसे पर्वों के दौरान भी अशांति का माहौल बनता था, उन्होंने परशुरामपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान दलित बस्ती जलाए जाने के बाद उन्हें स्वयं वहां जाना पड़ा था।
Also Read – 20 साल से सड़क का इंतजार, ग्रामीणों ने कीचड़ भरी सड़क पर कर दी धान की रोपाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों में कानून का भय है, उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू की स्थिति समाप्त हो चुकी है तथा महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
धार्मिक स्थलों के विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय 84 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा जैसे धार्मिक आयोजनों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं और तपसी धाम सहित कई धार्मिक स्थलों की उपेक्षा होती थी, उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में लगभग 1,500 मंदिरों के पुनरुद्धार का कार्य कराया है और धार्मिक विरासत के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राम मंदिर मुद्दे पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण में सबसे बड़ी राजनीतिक बाधा सपा रही, मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने आस्था, विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी है, जबकि विपक्ष की राजनीति इन मुद्दों से अलग रही है।
किसानों और जनकल्याण योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, बटाईदारों और दुर्घटना पीड़ित परिवारों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, उन्होंने दावा किया कि पात्र लाभार्थियों को दुर्घटना की स्थिति में पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान विकास, कानून-व्यवस्था और धार्मिक विरासत से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। वहीं, समाजवादी पार्टी पर लगाए गए आरोपों को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना है।






