उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक दिवसीय दौरे पर फतेहपुर, जालौन और आगरा का दौरा करेंगे, इस दौरान वे तीनों जिलों में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे।
फतेहपुर में 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे की शुरुआत फतेहपुर से करेंगे, यहां वे 489 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ प्रदान करेंगे।
जालौन को मिलेगी 1,274 करोड़ रुपये की सौगात
फतेहपुर के बाद मुख्यमंत्री जालौन पहुंचेंगे, जहां वे 1,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
आगरा में 53 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री का तीसरा और अंतिम पड़ाव आगरा होगा, यहां वे 342 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
शाम को होंगी दो अहम बैठकें
आगरा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रशासनिक कार्यक्रम भी काफी महत्वपूर्ण रहेगा, शाम 6 बजे वे ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें ब्रज क्षेत्र के विकास, धार्मिक पर्यटन और संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
इसके बाद शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री आगरा मंडल के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगे, इस बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे, जहां विकास परियोजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री अपने व्यस्त कार्यक्रम के बाद आगरा के सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
