कुंडा से लगातार सातवीं बार विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया सिर्फ अपनी सियासी पहचान के लिए ही नहीं, बल्कि अपने खास अंदाज और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चा में रहते हैं। उनके काफिले में शामिल महंगी और लग्जरी गाड़ियां अक्सर लोगों का ध्यान खींचती हैं। अब उनके कार कलेक्शन में एक और करोड़ों की गाड़ी शामिल हो गई है।
इस बार राजा भैया ने अल्ट्रा लग्जरी वेरिएंट वाली Lexus LX 500d खरीदी है । इस लग्जरी कार की कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जापानी तकनीक से लैस यह SUV पावर, लग्जरी और सुरक्षा के लिहाज से बेहद खास मानी जाती है।
राजा भैया के वाहन कलेक्शन में यह पहली महंगी गाड़ी नहीं है। इससे पहले उनके पास Range Rover Autobiography जैसी लग्जरी SUV भी मौजूद है, जिसे उन्होंने 2023 में करीब 3 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा था। वहीं, साल 2020 में उनकी Range Rover Defender भी खूब चर्चा में रही थी। उस वक्त इसे उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी SUV के तौर पर बताया गया था और इसकी कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये थी।
राजा भैया के काफिले में Toyota Land Cruiser भी शामिल है, जिसे वह कई बार खुद ड्राइव करते नजर आ चुके हैं। इसके अलावा Land Rover Defender, Mercedes-Benz, Toyota Fortuner और Jeep Wrangler जैसी गाड़ियां भी उनके काफिले का हिस्सा बताई जाती हैं। कहा जाता है कि उनके वाहन संग्रह में 35 लाख रुपये से लेकर करोड़ों रुपये तक की कीमत वाली 20 से ज्यादा गाड़ियां शामिल हैं।
राजा भैया को सिर्फ लग्जरी कारों का ही नहीं, बल्कि बाइक का भी शौक है। उनके गैराज में Royal Enfield Bullet और Jawa जैसी लोकप्रिय बाइक्स भी मौजूद हैं।
इन सबके बीच राजा भैया की गाड़ियों की नंबर प्लेट भी खास आकर्षण का केंद्र रहती हैं। उनकी कई गाड़ियों पर 0001 और 0072 जैसे नंबर दिखाई देते हैं। खासतौर पर 0001 नंबर को उनकी पहचान और VVIP स्टाइल से जोड़कर देखा जाता है। राजनीति में अलग पहचान रखने वाले राजा भैया का यह लग्जरी वाहन कलेक्शन भी उनके खास अंदाज और शाही व्यक्तित्व की झलक दिखाता है। अब 3.45 करोड़ रुपये की नई Lexus LX 500d के शामिल होने के बाद उनके लग्जरी कार कलेक्शन की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।
