CM योगी का बड़ा ऐलान: भदोही फिर कहलाएगा ‘संत रविदास नगर’, मंच से की घोषणा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भदोही जिले को फिर से ‘संत रविदास नगर’ के नाम से जाना जाएगा, मुख्यमंत्री ने यह घोषणा वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में की मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की विरासत केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर है और राज्य सरकार उनके सम्मान एवं विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
संत रविदास की विरासत को मिलेगा सम्मान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संत रविदास ने समाज को एकता, समानता और समरसता का संदेश दिया, उन्होंने कहा कि सरकार संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और उनकी विरासत को उचित सम्मान देने के लिए लगातार कार्य कर रही है, उन्होंने कहा कि भदोही को संत रविदास नगर के नाम से पहचान दिलाना संत रविदास के प्रति श्रद्धांजलि और सम्मान का प्रतीक होगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल समाज को जोड़ने के बजाय बांटने की राजनीति करते रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग देश और समाज को विभाजित करने का प्रयास करते हैं, जबकि संत रविदास ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया था।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने महापुरुषों के सम्मान से जुड़े निर्णयों की अनदेखी की उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कन्नौज में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदला गया था।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिलाया था भरोसा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान ‘संत रविदास नगर’ का नाम बदलकर ‘भदोही’ कर दिया गया था, उन्होंने कहा कि संत रविदास जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर जिले का नाम दोबारा ‘संत रविदास नगर’ करने की पहल की जाएगी, मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद यह मांग पूरी होती दिखाई दे रही है।
संत रविदास जन्मस्थली के विकास का भी किया जिक्र
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने संत रविदास जन्मस्थली को विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, उन्होंने बताया कि पहले इस क्षेत्र पर अवैध कब्जे थे, जिन्हें हटाकर यहां संत रविदास की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई और आज यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र बन चुका है।
सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महापुरुषों, संतों और भारतीय संस्कृति से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक समरसता और समानता की प्रेरणा देते हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
नोट: जिले के नाम में बदलाव की प्रक्रिया राज्य सरकार की औपचारिक प्रशासनिक और विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावी होगी।






