Home Crime मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अंगद राय पर बड़ी कार्रवाई, 9.50...

मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अंगद राय पर बड़ी कार्रवाई, 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क

14
0

गाजीपुर में अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर पुलिस-प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सोमवार को जिला प्रशासन और गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग के मुख्य शार्प शूटर और गैंग सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन की करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त कर ली। पुलिस के मुताबिक, यह संपत्ति संगठित अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी और आरोपी ने इसे अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर दर्ज कराया था।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1986 की धारा 14(1) के तहत की गई है। जिलाधिकारी के आदेश और पुलिस अधीक्षक की संस्तुति के बाद प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के गिरधरिया गांव में स्थित जमीन और मकान को कुर्क किया।

पुलिस का दावा है कि अंगद राय उर्फ झूलन ने संगठित अपराध से अर्जित धन का इस्तेमाल कर गिरधरिया गांव में जमीन और मकान खरीदा था। यह संपत्ति उसकी पत्नी सरिता राय के नाम पर दर्ज थी। प्रशासन ने संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 9.50 करोड़ रुपये बताया है। पुलिस के मुताबिक, संपत्ति व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित है और इसे अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदा गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अंगद राय उर्फ झूलन के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक साजिश, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में करीब 25 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वर्तमान कुर्की की कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 314/2023 के तहत की गई है।

संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के दौरान तहसील प्रशासन, भांवरकोल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम के साथ क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन ने संपत्ति को कुर्क कर जब्ती की कार्रवाई पूरी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here