उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन हंगामे की भेंट चढ़ गया। सदन में समाजवादी पार्टी के विधायकों ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर सपा पर जमकर निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि आज एक बार फिर समाजवादी पार्टी का असली चेहरा प्रदेश की जनता जनार्दन के सामने आ गया है। उन्होंने कहा, _”लोकतंत्र के मंच विधानसभा, जहां जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा और समाधान अपेक्षित होता है, उसे फिर सपा नेताओं ने सियासी अखाड़ा बना दिया। सदन की गरिमा को तार-तार करते हुए अराजकता और हंगामे का रास्ता चुना।”
ब्रजेश पाठक ने सपा पर श्रीराम मंदिर जैसे आस्था के विषय पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया। और कहा कि “श्रीराम मंदिर जैसे करोड़ों देशवासियों की आस्था से जुड़े विषय पर भी सपा द्वारा राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता तथ्यों पर आधारित चर्चा चाहती है, जबकि विपक्ष केवल शोर और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।” उपमुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार जनहित, विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है।
उन्होंने आगे लिखा, _”सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डबल इंजन की भाजपा सरकार में आज का नया उत्तर प्रदेश निरंतर विकास पथ पर अग्रसर है। यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा।” ब्रजेश पाठक ने सपा पर तंज कसते हुए कहा, “वर्ष 2027 में सपा का सत्ताधीश होने का सपना फिर चूर-चूर होने वाला है, इसीलिए उनके नेता अराजकता पर उतर आए हैं। प्रदेश की जनता विकास और सुशासन चाहती है, अराजकता नहीं।”






