Home Breaking News बलिया की रसड़ा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन

बलिया की रसड़ा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन

7
0

उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त एक दुखद खबर सामने आई है। बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक और बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।उमाशंकर सिंह पिछले करीब दो से तीन वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच बुधवार को दिल्ली में उनका निधन हो गया।

उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। मौजूदा उत्तर प्रदेश विधानसभा में वह बहुजन समाज पार्टी के एकमात्र विधायक थे। क्षेत्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी और वह अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे।उनके निधन से बसपा को उत्तर प्रदेश विधानसभा में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। वहीं, रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में उनके समर्थकों और परिचितों के बीच भी शोक का माहौल है।

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। अखिलेश यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उमाशंकर सिंह के निधन को बलिया की राजनीति के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की सियासत के लिए भी एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here