लखनऊ। बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से तीन बसपा के विधायक रहे उमाशंकर सिंह के निधन के बाद गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती उनके लखनऊ स्थित आवास पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उमाशंकर सिंह को याद करते हुए मायावती भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “वो मुझे अपनी सगी बहन से भी ज़्यादा मानते थे। भाई तो बहुत बने, लेकिन उमाशंकर जी ने मुझे कभी धोखा नहीं दिया। पार्टी में कई उतार-चढ़ाव आए, फिर भी वो हमेशा मेरे साथ मजबूती से खड़े रहे।” रक्षा बंधन का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा, “ये महीना रक्षा बंधन का है। आज अगर उमाशंकर जी होते, तो मैं चाहे लखनऊ में होती या दिल्ली में, वो मुझसे राखी बंधवाने ज़रूर आते।”
बसपा प्रमुख ने कहा कि उमाशंकर सिंह पार्टी के बेहद समर्पित और भरोसेमंद नेता थे। उन्होंने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि पार्टी और उनके व्यक्तिगत जीवन में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। मायावती ने उमाशंकर सिंह के परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में बहुजन समाज पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
मायावती का यह भावुक बयान अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे उमाशंकर सिंह के प्रति उनके गहरे आत्मीय संबंध का प्रतीक मान रहे हैं।
