झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक की पहचान माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक और घायलों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि क्रेटा कार कानपुर से झांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से जा टकराई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु करा दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
