Home Uttar Pradesh काकोरी ट्रेन एक्शन-डे पर तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे सीएम योगी, देंगे...

काकोरी ट्रेन एक्शन-डे पर तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे सीएम योगी, देंगे देशभक्ति का संदेश

8
0

काकोरी ट्रेन एक्शन डे के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राजधानी लखनऊ में तिरंगा पदयात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री आवास से शुरू होने वाली यह पदयात्रा सिविल अस्पताल और अटल चौक होते हुए विधानभवन के सामने संपन्न होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को राष्ट्रभक्ति, देश के अमर शहीदों के सम्मान और उनके बलिदान को याद रखने का संदेश देंगे।

तिरंगा यात्रा से पहले मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता, एनसीसी कैडेट, एनएसएस सदस्य, स्काउट-गाइड स्वयंसेवक और युवक मंगल दल के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

तिरंगा पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी शहीद स्मारक पहुंचेंगे। यहां वह काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान और राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के बलिदान को नमन करेंगे।

प्रदेश सरकार की ओर से 9 अगस्त से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, स्मृति स्थलों और शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस और काकोरी ट्रेन एक्शन डे से जुड़े सभी कार्यक्रमों को पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

सिद्धार्थनगर को 311 करोड़ की 107 विकास परियोजनाओं की सौगात

तिरंगा यात्रा और काकोरी शहीद स्मारक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर बाद सिद्धार्थनगर का दौरा करेंगे। यहां वह डुमरियागंज और बांसी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री 63 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वहीं बांसी विधानसभा क्षेत्र में 64 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 127 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री के सिद्धार्थनगर दौरे को जिले में विकास कार्यों को गति देने और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here