Home Uttar Pradesh योगी सरकार में बिजली उपभोक्ताओं को राहत, जुलाई में 99.01 फीसदी शिकायतों...

योगी सरकार में बिजली उपभोक्ताओं को राहत, जुलाई में 99.01 फीसदी शिकायतों का निस्तारण

5
0

उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए विद्युत विभाग लगातार सक्रिय है। जुलाई 2026 में प्रदेश के विभिन्न विद्युत वितरण निगमों में कुल 20.17 लाख शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 99.01 फीसदी शिकायतों का समाधान कर दिया गया। विभाग के मुताबिक बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया है। प्रदेश के पांचों विद्युत वितरण निगमों में उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति, बिल, मीटर, कनेक्शन और स्मार्ट मीटर समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) में 3.64 लाख से अधिक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) में 6.42 लाख से अधिक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीयूवीवीएनएल) में 3.12 लाख से अधिक, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) में 5.34 लाख से अधिक और कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (केस्को) में 1.64 लाख से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।

विद्युत विभाग की ओर से शिकायतों की लगातार निगरानी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके चलते अधिकांश शिकायतों का समाधान तय समयसीमा में किया गया। बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उनका शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली विभाग की 1912 हेल्पलाइन 24 घंटे और सातों दिन सक्रिय है। बिजली आपूर्ति में व्यवधान, बिल, मीटर, कनेक्शन या अन्य किसी समस्या की स्थिति में उपभोक्ता 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभागीय टीमों को शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मानसून के दौरान बिजली सुरक्षा को लेकर भी विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जलभराव वाले स्थानों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और मीटर बॉक्स के आसपास करंट उतरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 1912 या नजदीकी पावरहाउस से संपर्क करने की अपील की गई है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विशेष उपभोक्ता सेवा शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में बिल संशोधन, नया बिजली कनेक्शन, मीटर संबंधी शिकायत, बिजली भार में वृद्धि, विधा परिवर्तन, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अपडेट जैसी कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

वहीं, प्रदेश में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विद्युतकर्मी दिन-रात मैदान में जुटे हैं। रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान कर्मचारी मरम्मत और रखरखाव के कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने अधिकारियों को 1912 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग करने और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवा उपलब्ध कराने के साथ शिकायतों के समाधान में तेजी लाना और विभागीय जवाबदेही को और मजबूत करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here