Home Political news विधानसभा चुनाव के पहले सीएम योगी के मेगा प्लान से विपक्ष की...

विधानसभा चुनाव के पहले सीएम योगी के मेगा प्लान से विपक्ष की बढ़ी बेचैनी

39
0

उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर तेजी आ गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों को मात देने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। इस रणनीति का सबसे बड़ा हिस्सा है चुनावी रणनीति के साथ सीधा जन संवाद। मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के अलग-अलग जनपदों का दौरा कर रहे हैं और जनसभाओं के जरिए जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं।

पिछले एक महीने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 100 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। हर जनसभा में उनका फोकस एक जैसा रहता है। पहले जनता के बीच पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करना और दूसरे नंबर पर विपक्ष को घेरना। उनका कहना है कि डबल इंजन की सरकार ने पिछले साढ़े आठ साल में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।

मुख्यमंत्री मंच से बार-बार इस बात को दोहरा रहे हैं कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में क्या स्थिति थी और आज क्या है। कानून व्यवस्था, विकास, निवेश, महिला सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को वो अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। जनसभाओं में वो केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को गिनाते हैं। मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली, सड़क, एक्सप्रेसवे और रोजगार के आंकड़े जनता के सामने रखते हैं। उनका मकसद है कि जनता को लगे कि सरकार ने जमीन पर काम किया है।

वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री का निशाना सीधे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर है। वो मंच से पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहते हैं कि पहले के समय में प्रदेश में दंगे होते थे, भ्रष्टाचार चरम पर था और विकास के नाम पर सिर्फ परिवारवाद चलता था। मुख्यमंत्री कहते हैं कि उस समय नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी, पेपर लीक होते थे और गुंडाराज था। आज उसी उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और निवेश आ रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री का ये जन संवाद अभियान 2027 की जमीन तैयार करने के लिए है। वो हर जिले में जाकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से भी मिल रहे हैं। संगठन को मजबूत करने के निर्देश दे रहे हैं। साथ ही जनता की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को तुरंत निस्तारण के आदेश भी दे रहे हैं। इससे दो फायदे हो रहे हैं। एक तो जनता में सरकार की छवि सकारात्मक जा रही है और दूसरा कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री के इस विशेष प्लान में तीन बातों पर सबसे ज्यादा जोर है। पहला जनता से सीधा संपर्क। दूसरा सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना। और तीसरा विपक्ष की राजनीति को मुद्दों के जरिए काटना। इसी वजह से वो लगातार दौरे कर रहे हैं और हर मंच से एक ही संदेश दे रहे हैं कि उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा संभाल लिया है। उनका ये जन संवाद और रिपोर्ट कार्ड अभियान आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेगा। अब देखना होगा कि विपक्ष इस चुनौती से कैसे निपटता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here