उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाने की दिशा में यूपीएसएसएससी ने एक और महत्वपूर्ण परिणाम जारी किया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 03-परीक्षा/2024 के तहत आयोजित सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। 1828 विज्ञापित पदों के सापेक्ष कुल 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक और विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 387, अन्य पिछड़ा वर्ग के 117 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 66 अभ्यर्थी शामिल हैं। अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों के सापेक्ष संबंधित श्रेणी में अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण इन पदों को नियमानुसार अग्रनीत किया गया है।
सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। इनमें अनुसूचित जाति के 341, अनुसूचित जनजाति के 12 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत विज्ञापित 190 पदों के सापेक्ष सभी 190 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
इसी तरह लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 206 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 96, अनुसूचित जाति के 28, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 58 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत 41 पदों के सापेक्ष सभी 41 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एक अनारक्षित पद पर भी एक अभ्यर्थी का चयन किया गया है। इसके अलावा आयोग ने 68 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से अंतिम चयन परिणाम में शामिल किया है। इन अभ्यर्थियों का अंतिम चयन प्रमाण पत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण के बाद आयोग तथा संबंधित विभाग के निर्णय पर निर्भर करेगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन परिणाम संबंधित उच्च न्यायालय में विचाराधीन रिट याचिकाओं, विशेष अपीलों और भविष्य में दायर होने वाले संबंधित मामलों में पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेगा।
प्रदेश सरकार लगातार सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने पर जोर दे रही है। सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के इन पदों पर चयन से बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में रोजगार का अवसर मिला है। अभ्यर्थी अपना परिणाम, चयन सूची और श्रेणीवार कटऑफ यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

