उत्तर प्रदेश के सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब पारंपरिक पढ़ाई के साथ डिजिटल शिक्षा का भी लाभ मिलेगा। योगी सरकार ने ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में पांच सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की शुरुआत की है। आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार प्रदेश के सभी 103 सर्वोदय विद्यालयों तक किए जाने की तैयारी है।
गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने स्मार्ट क्लासरूम परियोजना का शुभारंभ किया। FIRST ORIGIN NextGen Edutech Pvt. Ltd. के सहयोग से सीएसआर के तहत शुरू हुई इस परियोजना के पहले चरण में पांच विद्यालयों में एक-एक स्मार्ट क्लासरूम तैयार किया गया है। परियोजना की कुल लागत 35 करोड़ रुपये बताई गई है।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के मुताबिक, पायलट प्रोजेक्ट के तहत गाजियाबाद के निडोरी, बुलंदशहर के बदनौरा, मेरठ के हस्तिनापुर, बरेली और पीलीभीत के सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम शुरू किए गए हैं। इन कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड, स्मार्ट पैनल, एयर कंडीशनर और वुडेन फ्लोरिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई होने पर विद्यार्थियों को जटिल विषयों को विजुअल और इंटरैक्टिव तरीके से समझने में मदद मिलेगी। शिक्षक भी डिजिटल कंटेंट और आधुनिक तकनीक के जरिए कक्षा को अधिक प्रभावी और रोचक बना सकेंगे।
राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम केवल पढ़ाई के तरीके में बदलाव नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने की पहल है। सरकार का प्रयास है कि हर विद्यार्थी को आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिलें, ताकि वे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस अब केवल विद्यालयों की संख्या बढ़ाने पर नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सक्षम बनाने पर भी है।
प्रदेश में वर्तमान में समाज कल्याण विभाग के 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं। स्मार्ट क्लासरूम के पायलट प्रोजेक्ट के बाद अन्य विद्यालयों में भी इस सुविधा का विस्तार करने की तैयारी है। परियोजना के दूसरे चरण में चयनित विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम के साथ ऑनलाइन शिक्षा की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
सीएसआर के सहयोग से शुरू की गई यह पहल सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और बदलते रोजगार बाजार की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मददगार साबित हो सकती है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, निदेशक समाज कल्याण संजीव सिंह, उपनिदेशक जे राम और फर्स्ट ओरिजिन के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज कुमार वर्मा समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

