उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस की ‘विजय शंखनाद रैली’ के बाद मंच और मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस मंच से सभा को संबोधित किया था, वहां हिंदू संगठनों की ओर से पूजा-पाठ और यज्ञ किए जाने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है, उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और इसे जातिगत भेदभाव तथा संकीर्ण मानसिकता से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस ने क्या कहा?
गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन वाले मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया जाना बेहद आहत करने वाला और निंदनीय है, उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं समाज में द्वेष और विभाजन को बढ़ावा देती हैं, कांग्रेस नेता ने नैनीताल के एसएसपी से मामले का संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी तरह का कानून उल्लंघन हुआ है तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, गोदियाल ने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक भारत में जातिगत भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है और कांग्रेस ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
8 अगस्त को हुई थी कांग्रेस की रैली
दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस की ‘विजय शंखनाद सभा’ आयोजित की गई थी, इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे, सभा के बाद हिंदू संगठन ‘श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ की ओर से मैदान में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-पाठ और यज्ञ किया गया, संगठन से जुड़े लोगों ने इसे मैदान की धार्मिक पवित्रता बनाए रखने के लिए किया गया आयोजन बताया।
हिंदू संगठनों ने क्या आरोप लगाए?
आयोजकों का कहना है कि इस मैदान में लंबे समय से हिंदू धार्मिक कार्यक्रम और रामलीला आयोजित होते रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की रैली के दौरान मंच से इस्लामिक नारे लगाए गए, जिससे मैदान की धार्मिक पवित्रता प्रभावित हुई, इसी के बाद संगठन की ओर से वैदिक मंत्रों के साथ पूजा और यज्ञ किया गया हालांकि, कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लेकर अलग रुख अपनाते हुए इसे आपत्तिजनक बताया है।
मामले ने पकड़ा राजनीतिक तूल
मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस और हिंदू संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं, कांग्रेस इसे सामाजिक और जातिगत भेदभाव से जोड़ रही है, जबकि आयोजकों का कहना है कि उनकी कार्रवाई धार्मिक परंपराओं और मैदान की पवित्रता से जुड़ी थी, अब इस मामले में पुलिस जांच और प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई को लेकर सभी की नजरें टिकी हैं।
Also Read – शराबबंदी पर पप्पू यादव का हमला, बोले- ‘भ्रष्टाचार चरम पर, नशा हर घर तक पहुंचा’

