कैप्टन मीट में छह टीमों के कप्तानों ने साझा की रणनीति, यूपी T20 चेयरमैन डॉ. संजय कपूर बोले- लीग को बड़े स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की तैयारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के घरेलू मंच यूपी T20 League के चौथे सीजन का रोमांच शुरू होने जा रहा है। लीग का आधिकारिक आगाज 14 अगस्त को लखनऊ से होगा। इससे एक दिन पहले राजधानी में सभी छह टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में कैप्टन मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यूपी T20 की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।कैप्टन मीट के दौरान टीमों के कप्तानों ने मीडिया से बातचीत कर आगामी सीजन की तैयारियों और अपनी रणनीति को लेकर जानकारी साझा की।
छह टीमों की कमान संभालेंगे ये खिलाड़ी\

यूपी T20 Season-4 में प्रदेश की छह टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। इस सीजन टीमों की कप्तानी की जिम्मेदारी प्रमुख खिलाड़ियों को दी गई है।
गोरखपुर लायंस – आर्यन जुयाल
कानपुर सुपरस्टार्स – समीर रिजवी
काशी रुद्रास – करण शर्मा
नोएडा सुपर किंग्स – माधव कौशिक
लखनऊ फाल्कन्स – भुवनेश्वर कुमार
मेरठ मावेरिक्स – रिंकू सिंह
स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी से इस सीजन मुकाबलों में रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।
लखनऊ से शुरुआत, कानपुर में होगा फाइनल

यूपी T20 Season-4 की शुरुआत लखनऊ से होगी, जबकि टूर्नामेंट का समापन कानपुर में किया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग शहरों के क्रिकेट प्रशंसकों को स्टेडियम में जाकर मुकाबलों का रोमांच देखने का मौका मिलेगा।
आयोजकों का कहना है कि इस बार लीग को प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट प्रेमियों से जोड़ने की तैयारी की गई है।
यूपी T20 को बड़े स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की तैयारी
यूपी T20 की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने एशियन न्यूज से बातचीत में लीग को बड़े स्तर पर ले जाने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार UP T20 का दायरा बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उनके मुताबिक लीग के मुकाबलों का प्रसारण 150 से अधिक देशों में किए जाने की तैयारी है। साथ ही UP T20 को उत्तर प्रदेश के बड़े स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
यूपी T20 Season-4 की खासियत यह भी है कि ग्रामीण और छोटे शहरों से आने वाले खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया है। आयोजकों का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े स्तर पर खेलने का अनुभव देना और उनके लिए आगे बढ़ने के रास्ते तैयार करना है।
आने वाले समय में लीग में टीमों की संख्या बढ़ाने को लेकर भी चर्चा किए जाने की बात कही गई है।
शंकर महादेवन की प्रस्तुति और ड्रोन शो से होगा उद्घाटन
14 अगस्त को होने वाला यूपी T20 Season-4 का उद्घाटन समारोह भी खास रहने वाला है। कार्यक्रम में मशहूर बॉलीवुड गायक शंकर महादेवन प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा दर्शकों के लिए ड्रोन शो भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
पिछले प्रदर्शन पर बोले भुवनेश्वर कुमार
कैप्टन मीट के दौरान लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार से पिछले सीजन में टीम के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया।
इस पर भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि क्रिकेट में किसी भी नतीजे की गारंटी नहीं होती, लेकिन टीम इस बार बेहतर प्रदर्शन करने और जीत हासिल करने के लिए पूरी कोशिश करेगी।
युवा जोश और स्टार खिलाड़ियों के अनुभव का संगम
यूपी T20 Season-4 में एक ओर जहां भुवनेश्वर कुमार और रिंकू सिंह जैसे अनुभवी और चर्चित खिलाड़ियों की मौजूदगी रहेगी, वहीं युवा प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
ऐसे में इस सीजन में स्टार खिलाड़ियों का अनुभव, युवा खिलाड़ियों का जोश और बड़े स्तर पर लीग को विस्तार देने की तैयारी देखने को मिलेगी। अब क्रिकेट प्रशंसकों को 14 अगस्त का इंतजार है, जब लखनऊ से यूपी T20 Season-4 के मुकाबलों का आधिकारिक आगाज होगा।

