योगी ने निकाल लिया 2027 में जीत का वो फॉर्मूला, जिसके आगे अखिलेश यादव का PDA भी पड़ सकता है कमजोर! जी हां, कुंडा में लगने वाला है बाहुबलियों का जमावड़ा और यहीं से उठने वाली है सनातन की ऐसी हुंकार, जो यूपी की पूरी सियासत का खेल बदल सकती है। राजा भैया के एक फैसले ने अखिलेश यादव की टेंशन बढ़ा दी है, क्योंकि बाबा बागेश्वर के साथ कुंडा में होने वाली श्रीराम कथा को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

एक तरफ अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA के सहारे योगी को रोकने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ योगी आदित्यनाथ के सामने अब सनातन का ऐसा समीकरण खड़ा होता दिखाई दे रहा है, जिसमें जातियों की दीवार तोड़कर हिंदू वोटों को एकजुट करने की कोशिश होगी। दावा यहां तक किया जा रहा है कि अगर यह रणनीति जमीन पर उतरती है तो मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण के बीच पिछड़े और दलित वोटरों का एक बड़ा हिस्सा भी बीजेपी की तरफ जा सकता है। कुंडा से 17 से 19 नवंबर तक बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा का आयोजन होना है और इस मंच पर अगर पूर्वांचल के बड़े-बड़े रसूखदार और बाहुबली चेहरे एक साथ दिखाई दिए, तो इसका संदेश सिर्फ कुंडा तक नहीं रहेगा… इसकी गूंज लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सुनाई दे सकती है। क्योंकि एक तरफ योगी पहले ही मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाकर अखिलेश को घेर चुके हैं, तो दूसरी तरफ कुंडा से बाबा बागेश्वर की मौजूदगी में सनातन का बड़ा संदेश निकलने की तैयारी है। ऐसे में सवाल सीधा है—क्या 2027 में यूपी की राजनीति PDA बनाम सनातन के सबसे बड़े मुकाबले में बदलने जा रही है? क्या कुंडा से शुरू होने वाली यह सनातन की आंधी अखिलेश यादव के PDA समीकरण में सेंध लगा देगी? और क्या इसी समीकरण के दम पर योगी आदित्यनाथ लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनकर इतिहास रच देंगे? क्योंकि यूपी में इस वक्त सिर्फ चुनाव की तैयारी नहीं हो रही… 2027 की सबसे बड़ी सियासी पटकथा लिखी जा रही है। अब जरा राजा भैया के उस कदम को समझिए, जिसने इस पूरी कहानी को दिलचस्प बना दिया है। राजा भैया ने कुछ समय पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान उन्होंने बाबा बागेश्वर से आशीर्वाद लिया और अपने पैतृक गांव में श्रीराम कथा कराने का निमंत्रण भी दिया। बाबा बागेश्वर ने इस निमंत्रण को स्वीकार किया है और नवंबर में कुंडा में श्रीराम कथा महोत्सव प्रस्तावित है। अब सवाल यह नहीं है कि कथा में कितने लोग आएंगे। असली सवाल यह है कि कुंडा से निकलने वाला राजनीतिक संदेश कितना बड़ा होगा। कुंडा लंबे समय से राजा भैया की राजनीतिक पहचान का मजबूत केंद्र रहा है। ऐसे में अगर यहां बाबा बागेश्वर की कथा के बहाने धार्मिक-सांस्कृतिक माहौल बनता है और पूर्वांचल के प्रभावशाली चेहरे एक मंच पर आते हैं, तो विपक्ष के लिए इसे नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। यहीं से बीजेपी और योगी समर्थक एक बड़ा नैरेटिव खड़ा करने की कोशिश कर सकते हैं—जाति के ऊपर हिंदू पहचान।

अखिलेश यादव की राजनीति की बात करें तो उनका सबसे बड़ा चुनावी हथियार PDA है। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वोटों को एक राजनीतिक गठजोड़ में लाने की रणनीति समाजवादी पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लेकिन बीजेपी की कोशिश हमेशा से यह रही है कि जातीय समीकरणों के ऊपर हिंदू एकजुटता का मुद्दा खड़ा किया जाए। योगी आदित्यनाथ के भाषणों में भी अक्सर सनातन, हिंदू धर्म और हिंदू एकता का संदेश दिखाई देता है। उनका “बंटोगे तो कटोगे” वाला नारा इसी नैरेटिव का बड़ा हिस्सा बना और बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक हैं तो सेफ हैं” संदेश ने भी इस राजनीतिक विमर्श को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती दी। अब अगर यही नैरेटिव 2027 में यूपी के चुनावी मैदान में पूरी ताकत से उतरता है, तो सबसे बड़ा सवाल PDA के सामने खड़ा होगा। क्या पिछड़ा समाज सिर्फ जातीय पहचान के आधार पर वोट करेगा? क्या दलित मतदाता उसी राजनीतिक गठजोड़ के साथ जाएगा? या फिर कानून-व्यवस्था, विकास, धार्मिक पहचान और स्थानीय उम्मीदवार जैसे मुद्दे भी उसके वोट को प्रभावित करेंगे? यही असली लड़ाई है। और इसी लड़ाई में मथुरा का मुद्दा भी महत्वपूर्ण हो जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर अपनी बात खुलकर रखी है। उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए सवाल किया कि अगर वह खुद को कृष्ण भक्त मानते हैं तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर बोलें। यानी अयोध्या के बाद मथुरा का मुद्दा भी यूपी की राजनीति में बड़ा चुनावी नैरेटिव बन सकता है। लेकिन अब 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह साबित करना है कि वो हिंदुओं के हमदर्द हैं। क्योंकि सपा पर हमेशा से एक खास मजहब की राजनीति करने के आरोप लगते रहे हैं। खुद मुलायम सिंह यादव ‘मुल्ला मुलायम’ वाले बयान पर मुहर लगा चुके थे और अखिलेश यादव का वो पुराना बयान भी सोशल मीडिया पर तैरता रहता है कि उन्हें पूजा-पाठ करना पसंद नहीं। ऐसे में जब बाबा बागेश्वर और पूरी संत लॉबी योगी आदित्यनाथ के समर्थन में खड़ी होगी, तब अखिलेश यादव अपनी इस ‘मजहबी छवि’ से कैसे पीछा छुड़ाएंगे? बीजेपी इसी पुराने नैरेटिव को 2027 में फिर से चुनावी हथियार बनाने की कोशिश कर सकती है।वहीं अखिलेश यादव की कोशिश होगी कि वह खुद को सिर्फ किसी एक समुदाय की राजनीति तक सीमित नेता के तौर पर पेश न होने दें, बल्कि PDA के साथ-साथ दूसरे सामाजिक समूहों में भी अपना आधार मजबूत करें। अब बात उस वर्ग की, जिसको लेकर बीजेपी के भीतर भी चिंता की चर्चा है—ब्राह्मण और क्षत्रिय मतदाता।

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि UGC और कुछ नीतिगत फैसलों की वजह से इन वर्गों में बीजेपी के प्रति नाराजगी है। लेकिन बीजेपी समर्थक राजनीतिक सूत्रों का दावा इससे अलग है। उनका कहना है कि अगर नाराजगी है भी तो उसका बड़ा हिस्सा मोदी और शाह नाराज है, सीधे योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नहीं। और यही बात योगी के लिए राहत बन सकती है। क्योंकि राजनीतिक समीकरणों में अगर किसी वर्ग के सामने विकल्प योगी बनाम समाजवादी पार्टी होता है, तो बीजेपी के रणनीतिकारों को उम्मीद है कि कानून-व्यवस्था और हिंदू एकता का मुद्दा बड़ा प्रभाव डाल सकता है। योगी समर्थक यही सवाल पूछते हैं—क्या यूपी का मतदाता उस दौर में वापस जाना चाहेगा जब अपराध और माफिया की राजनीति का बोलबाला होने के आरोप लगते थे? यही वजह है कि योगी का कानून-व्यवस्था वाला मॉडल बीजेपी के लिए 2027 में बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकता है। और यहां एक और दिलचस्प बात है। योगी आदित्यनाथ के साथ सिर्फ बीजेपी का संगठन ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल और यूपी की राजनीति के कई प्रभावशाली चेहरों की नजदीकी भी चर्चा में रहती है। राजा भैया हों, धनंजय सिंह हों, बृजेश सिंह हों या अवध की राजनीति के प्रभावशाली नेता बृजभूषण शरण सिंह—इन नेताओं की अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन और सामाजिक पकड़ है। हालांकि 2027 में कौन किसके साथ खड़ा होगा, इसका अंतिम फैसला अभी भविष्य के गर्भ में है। लेकिन इतना जरूर है कि यूपी की राजनीति में प्रभावशाली क्षेत्रीय चेहरों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अब पूरी तस्वीर को एक साथ जोड़कर देखिए। एक तरफ अखिलेश यादव का PDA। दूसरी तरफ योगी का हिंदू एकता और सनातन का नैरेटिव। एक तरफ जातीय समीकरण। दूसरी तरफ धार्मिक पहचान। एक तरफ मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण की संभावनाएं। दूसरी तरफ बीजेपी की कोशिश कि पिछड़े, दलित, सवर्ण और अन्य हिंदू मतदाताओं को एक बड़े सामाजिक गठजोड़ में जोड़ा जाए। और इसी बीच कुंडा में बाबा बागेश्वर की प्रस्तावित श्रीराम कथा। यानी 2027 की लड़ाई अभी से कई मोर्चों पर शुरू हो चुकी है। लेकिन एक बात बिल्कुल साफ है—किसी भी धार्मिक आयोजन को सीधे चुनावी नतीजे से जोड़ना अभी जल्दबाजी होगी। यूपी का मतदाता बेहद जटिल है और चुनाव के दौरान मुद्दे तेजी से बदलते हैं। फिर भी कुंडा की यह कहानी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उस बड़े राजनीतिक सवाल की ओर इशारा करती है, जो 2027 में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच निर्णायक बन सकता है। क्या यूपी जाति के हिसाब से वोट करेगा या पहचान के हिसाब से? क्या PDA योगी की सत्ता को रोक पाएगा? क्या बीजेपी ब्राह्मण और क्षत्रिय जैसी पारंपरिक सामाजिक ताकतों की नाराजगी दूर कर पाएगी? क्या पिछड़े और दलित वोटों में बीजेपी अपनी पकड़ और मजबूत कर पाएगी? और सबसे बड़ा सवाल—क्या योगी आदित्यनाथ 2027 में तीसरी बार मुख्यमंत्री बनकर यूपी की राजनीति में नया इतिहास लिख पाएंगे? कुंडा से उठती धार्मिक हलचल, मथुरा का मुद्दा, PDA की रणनीति और योगी का हिंदू एकता वाला नैरेटिव—इन सबके बीच एक बात तय है…2027 का यूपी चुनाव सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं होगा। यह नैरेटिव की सबसे बड़ी लड़ाई होने वाला है।

