उत्तर प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए योगी सरकार शिक्षक प्रशिक्षण व्यवस्था को तकनीक से जोड़ रही है। इसके तहत ‘उन्नति’ (यूएनएनएटीआई) के माध्यम से शिक्षक प्रशिक्षण की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ कैस्केड लॉस को न्यूनतम करना है, ताकि प्रशिक्षण के दौरान दी गई महत्वपूर्ण शैक्षणिक जानकारी और प्रभावी शिक्षण पद्धतियां एक स्तर से दूसरे स्तर तक पहुंचते समय कमजोर न पड़ें।
प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षामित्रों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसमें बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता यानी एफएलएन तथा एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों की अकादमिक क्षमता बढ़ाने के साथ बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने पर फोकस किया जा रहा है।
‘उन्नति’ के तहत प्रशिक्षण सत्रों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। राज्य परियोजना कार्यालय के अधिकारी, विशेषज्ञ और कंसल्टेंट प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़कर प्रशिक्षण की गतिविधियों का पर्यवेक्षण करेंगे। इससे प्रशिक्षण की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलेगी।
ऑनलाइन पर्यवेक्षण के लिए प्रत्येक प्रशिक्षण हॉल में हाई-रिजॉल्यूशन वेब कैमरा, माइक्रोफोन या साउंड सिस्टम और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। इसके जरिए प्रशिक्षण सत्रों को ऑनलाइन देखा और सुना जा सकेगा। प्रत्येक प्रशिक्षण बैच के लिए अलग ऑनलाइन लिंक तैयार किया जाएगा। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी यानी बीईओ लिंक जनरेट कर उसका समन्वय करेंगे। प्रशिक्षण शुरू होने से दो दिन पहले संबंधित माध्यम से लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षण में बच्चों की बुनियादी सीख को मजबूत करने के लिए फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी यानी एफएलएन को प्रमुखता दी जा रही है। शिक्षकों को भाषा और गणित की बुनियादी अवधारणाओं को बच्चों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए गतिविधि आधारित और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराया जा रहा है। साथ ही एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों को कक्षा शिक्षण का प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
शिक्षकों को पाठ्यपुस्तकों की विषयवस्तु को बच्चों के सीखने के स्तर और कक्षा की जरूरतों के अनुरूप गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे भाषा और गणित की बुनियादी समझ को मजबूत करने के साथ शिक्षकों की शिक्षण क्षमता को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। ‘उन्नति’ के जरिए सरकार शिक्षक प्रशिक्षण को केवल एक निर्धारित कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय उसकी गुणवत्ता, निगरानी और परिणाम से जोड़ने का प्रयास कर रही है। ऑनलाइन पर्यवेक्षण के माध्यम से यह समझने में मदद मिलेगी कि प्रशिक्षण में निर्धारित विषयवस्तु और शिक्षण पद्धतियां किस प्रभावी ढंग से शिक्षकों तक पहुंच रही हैं।
योगी सरकार का फोकस शिक्षक की तैयारी, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और बच्चों के सीखने के परिणामों को एक साथ बेहतर बनाने पर है। तकनीक आधारित निगरानी के जरिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रशिक्षण का प्रभाव प्रशिक्षण कक्ष तक सीमित न रहे, बल्कि शिक्षकों की कक्षा-शिक्षण क्षमता और बच्चों की सीख में भी दिखाई दे। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाकर उसका सीधा लाभ बच्चों की सीख तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। ‘उन्नति’ के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी को मजबूत किया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ शिक्षकों की क्षमता में भी सुधार आएगा।

