देहरादून स्थित राजभवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और भव्य तरीके से मनाया गया। राज्यपाल (सेवानिवृत्त) लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देश एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों, अमर शहीदों और राष्ट्र की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने देश की सीमाओं, बर्फीले क्षेत्रों, पर्वतीय इलाकों और दुर्गम स्थानों पर राष्ट्र की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा कर रहे वीर जवानों को भी सलाम किया।
राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र सुरक्षा के लिए नए संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि देश ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और विश्व गुरु बनने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
