स्वतंत्रता दिवस पर CM सम्राट चौधरी के बड़े ऐलान: यूनिवर्सिटी, टाउनशिप, चीनी मिल और परीक्षा व्यवस्था में बदलाव
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान से राज्य के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए, अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, उद्योग, रोजगार और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी, उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है और आने वाले समय में राज्य में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
भागलपुर और बेगूसराय में बनेंगी नई यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि भागलपुर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर साइंस और कंप्यूटर यूनिवर्सिटी बनाने का काम शुरू हो गया है वहीं, बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर नई यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना है, सरकार का कहना है कि इन विश्वविद्यालयों के जरिए छात्रों को बेहतर उच्च शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
12 टाउनशिप में विकसित होंगे इंडस्ट्रियल हब और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
CM सम्राट चौधरी ने बिहार में 12 टाउनशिप विकसित करने की योजना की भी जानकारी दी, इन टाउनशिप में इंडस्ट्रियल हब, आधुनिक शहरी सुविधाओं और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को विकसित करने की योजना है मुख्यमंत्री के मुताबिक, बुडको के माध्यम से करीब 1 लाख करोड़ रुपये का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, सरकार का दावा है कि इससे राज्य में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
चीनी मिलों को लेकर भी बड़ा ऐलान
चीनी मिलों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 10 चीनी मिलें दोबारा शुरू हो चुकी हैं, उन्होंने अगले छह महीनों में पांच और चीनी मिलों को शुरू करने का लक्ष्य बताया, मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर रहने वाले लोगों से अपील की कि वे अपनी जन्मभूमि को ही कर्मभूमि बनाएं और राज्य में उपलब्ध रोजगार एवं निवेश के अवसरों का लाभ उठाएं।
बिजली सब्सिडी पर सरकार का दावा
बिजली व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में फिलहाल करीब 9,475 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है, उन्होंने दावा किया कि बिहार सरकार उत्तर प्रदेश से ज्यादा बिजली सब्सिडी दे रही है और करीब एक साल से उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल रहा है।
Also Read – आज से आम लोगों के लिए खुलेगा लखनऊ का नौसेना शौर्य संग्रहालय
स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव की तैयारी
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद मरीजों को रेफर करने में लापरवाही बरतने वाले सिविल सर्जनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इसके अलावा जिला अस्पतालों में 36 तरह के ऑपरेशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई, मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि करीब 10 करोड़ बिहारियों को आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ मिल रहा है।
परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए बनेगी कमेटी
परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए मुख्यमंत्री ने हाईकोर्ट के जज की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने की घोषणा की यह कमेटी परीक्षाओं की निगरानी करेगी और परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव देगी, इसके साथ ही स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए विद्यार्थी पोर्टल शुरू करने की बात कही गई है।
बिहार के विकास पर सरकार का फोकस
स्वतंत्रता दिवस के अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और परीक्षा सुधार को बिहार के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, सरकार का जोर नई शैक्षणिक संस्थाओं, औद्योगिक क्षेत्रों, रोजगार के अवसरों और बेहतर सार्वजनिक सेवाओं के विस्तार पर है।
