उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में भीड़ का दबाव, छह श्रद्धालु घायल; 13 की तबीयत बिगड़ी
उज्जैन: नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सोमवार सुबह दर्शन की कतार के दौरान भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान करीब छह श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक, नीलकंठ द्वार के पास दर्शन के लिए लगी कतार में करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के दबाव के चलते कुछ श्रद्धालु गिर गए और कई लोगों को चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया गया।
हरसिद्धि मंदिर के पास भी बिगड़ी श्रद्धालुओं की तबीयत
महाकाल मंदिर परिसर के पास स्थित हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भी भारी भीड़ के चलते दबाव बढ़ गया। यहां करीब 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दौरान एक श्रद्धालु के बैरिकेड से टकराने के कारण पैरों में गंभीर चोट आने की बात भी सामने आई है। भीड़ के दबाव और धक्का-मुक्की के कारण कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई।
पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को व्यवस्थित करने का प्रयास किया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। फिलहाल दर्शन व्यवस्था को सुचारू बताया गया है और सुरक्षाकर्मी भीड़ नियंत्रण में जुटे हैं।
हालांकि, मंदिर प्रबंधन से जुड़े एक सदस्य ने भगदड़ जैसी स्थिति की खबरों को अफवाह बताया और कहा कि श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की गई थीं।
नागपंचमी के अवसर पर नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट विशेष रूप से सीमित अवधि के लिए खोले जाते हैं, जिसके चलते यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचती है। इस साल नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के एक साथ पड़ने से भीड़ और बढ़ी।