सावन के पवित्र महीने में गुरुवार को झांसी में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। मध्य प्रदेश के ओरछा धाम से शुरू हुई कांवड़ यात्रा झांसी के सिद्धेश्वर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शहर में कांवड़ यात्रियों के प्रवेश के दौरान राजकीय हेलीकॉप्टर से कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया।
लखनऊ से आए विशेष राजकीय हेलीकॉप्टर में सवार झांसी के मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और आईजी आकाश कुलहरि ने सिद्धेश्वर मंदिर, इलाइट चौराहे समेत कई स्थानों पर कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की। हेलीकॉप्टर ने शहर के विभिन्न इलाकों के कई चक्कर लगाए और कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां भी लोगों के बीच चर्चा का केंद्र रहीं। इलाइट चौराहे पर कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पुष्पवर्षा के दौरान यहां मौजूद जनसमूह ने ‘धन्यवाद योगी जी’ के उद्घोष किए।
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए। इस अवसर पर बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के अध्यक्ष संजीव श्रृंगीऋषि समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।