उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-III भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम 10 सितंबर 2026 तक घोषित होने की संभावना है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने की तैयारी चल रही है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परिणाम को लेकर किसी भी अपुष्ट सूचना, अफवाह या सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणित संदेशों पर विश्वास न करें। परीक्षा, परिणाम और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी प्रमाणित सूचनाएं नियमानुसार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों के जरिए ही जारी की जाएंगी।
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा, परीक्षा की निष्पक्षता और पूरी चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना को ही प्रामाणिक मानने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि विज्ञापन संख्या 08-परीक्षा/2023 के तहत सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-III के कुल 5,369 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए लिखित परीक्षा 29 जून 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें 2,43,981 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
लिखित परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी 3 जुलाई 2025 को जारी की गई थी और अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के लिए विषय विशेषज्ञों की रिपोर्ट 21 जुलाई 2025 को आयोग को उपलब्ध कराई गई। इसके बाद अंतिम उत्तर कुंजी 30 अगस्त 2025 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई। लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर टंकण परीक्षा के लिए अर्ह 90,336 अभ्यर्थियों का परिणाम और कटऑफ अंक 8 अक्टूबर 2025 को जारी किए गए। इसके बाद 23 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 तक टंकण परीक्षा आयोजित हुई।
टंकण परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों का परीक्षण किया गया। कुल 26,570 अभ्यर्थियों के अभिलेख 6 जून 2026 तक आयोग स्तर पर प्राप्त कर लिए गए। अब चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और हजारों अभ्यर्थियों को अंतिम चयन परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। यदि प्रक्रिया तय समय के अनुसार पूरी होती है तो 10 सितंबर तक अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जा सकता है।