उत्तर प्रदेश में स्कूली बच्चों के पोषण में अहम भूमिका निभाने वाले पीएम पोषण योजना के रसोइयों को योगी सरकार सम्मान के साथ सुविधाओं का तोहफा देने जा रही है। 23 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में विशेष रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में 11 रसोइयों को मंच पर सम्मानित करेंगे। समारोह में प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइयों की सहभागिता होगी।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही रविवार को प्रदेश के सभी जनपदों और तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। इस आयोजन के जरिए सरकार पीएम पोषण योजना को जमीन पर प्रभावी बनाने वाले रसोइयों के योगदान को सार्वजनिक पहचान देने का संदेश देगी।
रसोइयों को सम्मान के साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं देने की भी तैयारी है। उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराने के साथ बैंक और यूपीआई क्यूआर कोड से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। भोजन तैयार करते समय स्वच्छता और सुरक्षा के लिए हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह में पीएम पोषण योजना की उपलब्धियों और रसोइयों के योगदान पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा बुकलेट, पोस्टर और फ्लेक्स के माध्यम से योजना की उपलब्धियों को लोगों के सामने रखा जाएगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने वाले रसोइयों के आवागमन, स्वागत, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के निर्देश पर कार्यक्रम की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।