लखनऊ, 22 अगस्त। योगी सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके छोटे उद्यमों को बड़े कारोबार में बदलने की दिशा में नई पहल करने जा रही है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। केंद्र सरकार की स्वीकृति के बाद प्रस्तावित इस सेंटर को आईआईएम लखनऊ का तकनीकी सहयोग मिलेगा।
इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कारोबार शुरू करने से लेकर उसे मजबूत करने, विस्तार देने और बाजार से जोड़ने तक विशेषज्ञ सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। महिला उद्यमियों को बिजनेस प्लान तैयार करने, उत्पाद विकास, गुणवत्ता सुधार, ब्रांडिंग-पैकेजिंग, वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इसके साथ ही महिला उद्यमियों को बाजार संपर्क, व्यवसाय विस्तार और मेंटरिंग की सुविधा भी मिलेगी। संभावनाशील उद्यमों को विशेषज्ञों, वित्तीय संस्थानों और बाजार के अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा।
UPSRLM के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि इन्क्यूबेशन सेंटर का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनके वास्तविक व्यवसाय की जरूरतों के अनुसार तकनीकी और व्यावसायिक सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब केवल आजीविका गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़ी संख्या में अपने उद्यम स्थापित कर रही हैं।
आईआईएम लखनऊ के तकनीकी सहयोग से इन ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने कारोबार को व्यवस्थित, प्रतिस्पर्धी और विस्तार योग्य बनाने में मदद मिलेगी। इससे छोटे स्तर पर संचालित महिला उद्यमों को मजबूत व्यवसाय में बदलने के साथ उनकी आय और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने का रास्ता भी मजबूत होगा।