सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में कोचिंग से घर लौटने के बाद तीन छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई, तीनों के बेहोश होने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पताल और निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे, इलाज के दौरान दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीसरी की हालत गंभीर बताई जा रही है, घटना के बाद मृतक छात्राओं के परिवार में मातम पसरा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
कोचिंग से लौटने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, तीनों छात्राएं कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौटी थीं, घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, इसके बाद तीनों बेहोश हो गईं, परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल और निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दो छात्राओं की हालत लगातार बिगड़ती गई।
इलाज के दौरान दो किशोरियों की मौत
Also Read – जंतर-मंतर पर सामान्य वर्ग का प्रदर्शन: आरक्षण और अधिकारों को लेकर बढ़ा आक्रोश
मृतकों की पहचान घनश्याम सदा की 16 वर्षीय बेटी सपना कुमारी और रामएकबाल सदा की 15 वर्षीय बेटी कोतरी कुमारी के रूप में हुई है, जानकारी के मुताबिक, कोतरी कुमारी की एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई वहीं, सपना कुमारी को बाजपट्टी पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, तीसरी छात्रा का फिलहाल निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका
बाजपट्टी पीएचसी के चिकित्सक ने छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने के मामले में किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्राओं की तबीयत किस वजह से बिगड़ी और दोनों की मौत का वास्तविक कारण क्या था, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तीनों छात्राओं की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी, परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, इसके बाद उनके लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने दोनों छात्राओं के शव परिजनों को सौंप दिए।
दो छात्राओं की मौत की खबर फैलते ही बाजितपुर गांव में मातम छा गया, अस्पताल से शव घर पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों छात्राओं का अंतिम संस्कार परिजनों ने कर दिया है, फिलहाल तीसरी छात्रा का इलाज जारी है। वहीं, पुलिस की जांच के बाद ही इस दर्दनाक घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।