रायबरेली, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार को रायबरेली के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 879 करोड़ रुपये से अधिक की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही सपेरा समुदाय समेत अन्य आवास विहीन 60 परिवारों को आवासीय पट्टे भी वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में भी शामिल होंगे। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित करने के साथ ही ‘अवध केसरी’ स्मारिका का विमोचन करेंगे।
मुख्यमंत्री रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों के विकास से जुड़ी 879 करोड़ रुपये से अधिक की 346 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 624 करोड़ रुपये से अधिक की 185 परियोजनाओं का लोकार्पण और 277 करोड़ रुपये से अधिक की 162 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
सीएम योगी सपेरा समुदाय और अन्य आवास विहीन 60 से अधिक परिवारों को आवासीय पट्टे आवंटित करेंगे। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में 19 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भी हस्तांतरित की जाएगी। साथ ही लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र और आवास की चाबी समेत अन्य सुविधाओं का वितरण किया जाएगा।
आज होने वाले लोकार्पण में 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से महराजगंज-इन्हौना मार्ग के सुदृढ़ीकरण, करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से पुलिस लाइन में जी प्लस-12 ट्रांजिट हॉस्टल और 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कुंदनगंज व पश्चिमगांव-टेरा-अघौरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है।
वहीं शिवगढ़ विकासखंड के ओसाह ग्राम और बेला-भेला में करीब 24-24 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। हरचंदपुर में खीरों-पाहो संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से 4.10 मीटर स्पान आरसीसी बॉक्स पुलिया के निर्माण का भी शिलान्यास होगा।
मुख्यमंत्री अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर उनकी स्मृति में करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित करेंगे तथा ‘अवध केसरी’ स्मारिका का विमोचन भी करेंगे।
