देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश में प्रस्तावित रोप-वे परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे, वहीं सचिवालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री आवास में रोप-वे परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न रोप-वे परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी। परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण से जुड़ी तैयारियों और आगे की कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा होगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे सचिवालय में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का शुभारंभ और अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद कर उनके कार्य, उत्पादों और अनुभवों की जानकारी भी लेंगे।
कार्यक्रम के जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा। सरकार की ओर से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए संचालित योजनाओं की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:10 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वह शासकीय कार्य करेंगे। आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी का मुख्य फोकस प्रदेश में प्रस्तावित रोप-वे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और उनके आर्थिक सशक्तीकरण पर रहेगा।
