देवरिया के सलेमपुर थाना क्षेत्र के मझौलीराज कस्बे में AK-47 की तस्वीर वाले एक इस्लामिक झंडे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए झंडा उतरवाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं है।
मामला मझौलीराज कस्बे के वार्ड नंबर 08 का है, जहां मोहम्मद अरशद उर्फ समसुद्दीन के घर के सामने एक इस्लामिक झंडा लगाया गया था। झंडे पर AK-47 जैसी तस्वीर बनी हुई थी। झंडा उतारे जाने के दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि उक्त झंडा वार्ड नंबर 08 निवासी मोबीन पेंटर द्वारा तैयार किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया।
क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। झंडे के संबंध में जांच की गई है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी सामग्री को साझा नहीं करने की अपील की है।
