सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रिश्तों से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक महिला अपने पति और प्रेमी, दोनों के साथ एक ही छत के नीचे रहने की बात कह रही है। महिला का दावा है कि वह अपनी मांग में दोनों के नाम का सिंदूर भरती है। जानकारी के मुताबिक, फुलवारीपुर गांव निवासी शुभम वर्मा की शादी करीब 10 साल पहले अंजू वर्मा से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। इसी दौरान अंजू के जीवन में उमेरा गांव निवासी नितिन शर्मा के आने की बात सामने आई। मामला बढ़ने के बाद अंजू अपने पति, प्रेमी और बच्चों के साथ महमूदाबाद कोतवाली पहुंची।
पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है महिला
अंजू ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि उसके ससुर और ननद उसे घर में रहने नहीं दे रहे हैं। उसने पुलिस के सामने पति और प्रेमी दोनों के साथ रहने की इच्छा जताई। महिला का कहना है कि वह दोनों के नाम का सिंदूर अपनी मांग में भरती है। वहीं, पति शुभम ने बताया कि पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद वह काफी परेशान हुआ था और उसने अपनी जान देने तक के बारे में सोचा था। हालांकि, अब वह पत्नी और उसके प्रेमी के साथ रहने के लिए तैयार है।
पुलिस ने बालिग होने के कारण मर्जी पर छोड़ा
प्रेमी नितिन का कहना है कि बच्चों की वजह से सभी साथ रहेंगे। पुलिस के मुताबिक, संबंधित लोग बालिग हैं और अपनी इच्छा से रहने का फैसला कर सकते हैं। पुलिस ने अंजू, शुभम और नितिन को उनकी मर्जी पर छोड़ दिया। बताया गया कि अंजू के ससुर के घर से शुभम का सामान भी पुलिस ने मंगवाकर उसे सौंप दिया। इसके बाद यह परिवार पति, पत्नी, प्रेमी और दो बच्चों के साथ रहने की बात कह रहा है।
यह मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस पूरे मामले में आगे की स्थिति क्या रहती है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
