समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरक्षण को लेकर दिए गए बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। राजभर ने सपा और कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों के नेता सत्ता हासिल करने के लिए झूठ फैला रहे हैं।
‘संविधान और आरक्षण दोनों सुरक्षित’
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरक्षण खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि आरक्षण में सुधार के नाम पर पीडीए के खिलाफ बड़ी साजिश की जा रही है। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भी सपा और कांग्रेस ने संविधान और आरक्षण खत्म होने का डर दिखाकर जनता को गुमराह किया था। राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का संविधान सुरक्षित है और आरक्षण भी सुरक्षित है। उन्होंने विपक्ष पर सत्ता से बाहर होने की वजह से बौखलाहट में बयान देने का आरोप लगाया।
सपा पर लगाया आरक्षण खत्म करने का आरोप
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रमोशन में आरक्षण खत्म किया गया था। उन्होंने दावा किया कि इसके चलते लाखों लोगों को नुकसान हुआ। राजभर ने कहा कि देश संविधान के दायरे में चल रहा है और संविधान से हटकर कोई काम नहीं किया जा सकता। राजभर ने अखिलेश यादव पर सामाजिक समीकरण को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को वोट सभी वर्गों से चाहिए, लेकिन सांसद बनाने में यादव और मुस्लिम समाज को ही प्राथमिकता दी जाती है।
जर्जर स्कूलों को लेकर भी दिया जवाब
उत्तर प्रदेश में जर्जर स्कूल भवनों को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी ओम प्रकाश राजभर ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पुराने और जर्जर भवनों को चिह्नित कर उन्हें ध्वस्त कर नए भवन बनाने की प्रक्रिया चल रही है। राजभर ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था पर ध्यान दे रही है और प्रदेश में बड़े पैमाने पर स्कूल-कॉलेजों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने विपक्ष पर पुराने जर्जर भवनों की तस्वीरें दिखाकर सरकार को घेरने का आरोप लगाया।
