जौनपुर के शाहगंज तहसील में तैनात लेखपाल अशोक कुमार यादव को फेसबुक पर टिप्पणी करना भारी पड़ गया। लेखपाल ने रविवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर “चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर” लिखकर पोस्ट किया था। पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला तहसील प्रशासन के संज्ञान में आया।
अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में भी हलचल मच गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, सरकारी सेवा में रहते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों को सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की टिप्पणी या पोस्ट करते समय सेवा आचरण नियमों का पालन करना जरूरी है। ऐसी किसी पोस्ट से बचना चाहिए, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हो या विवाद की स्थिति पैदा हो।
बताया जा रहा है कि लेखपाल की फेसबुक पोस्ट रविवार को सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थी। इसके बाद तहसील स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई गई और पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने सरकारी कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर पोस्ट और टिप्पणियां करते समय सावधानी बरतने की हिदायत दी है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल मीडिया गतिविधियों में भी निर्धारित आचरण नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
