उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के बीच बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए योगी सरकार ने विद्युत विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा है। मौसम खराब होने के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, लेकिन स्थानीय फॉल्ट को जल्द दूर कर आपूर्ति बहाल करने के लिए यूपीपीसीएल की टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। बिजलीकर्मी दिन-रात फील्ड में मोर्चा संभाले हुए हैं।
आंधी और तेज बारिश के चलते कहीं बिजली के तार टूटने, पोल प्रभावित होने तो कहीं तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित हुई। ऐसे मामलों में विभागीय टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर फॉल्ट को दुरुस्त करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानीय दोषों को कम से कम समय में ठीक किया जाए और उपभोक्ताओं को आपूर्ति बहाली की वास्तविक स्थिति की जानकारी दी जाए बारिश के मौसम को देखते हुए बिजली उपकेंद्रों और विद्युत नेटवर्क की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर आवश्यक अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित कर रहे हैं। रात के समय भी बिजलीकर्मी नियमित रखरखाव और जरूरी तकनीकी कार्यों में जुटे हैं, ताकि विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।
यूपीपीसीएल अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बरसात के दौरान विद्युत आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम के कारण विद्युत आपूर्ति में बाधा की आशंका बनी रहती है, इसलिए अधिकारी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखें और जरूरी अनुरक्षण कार्य समय से पूरा कराएं। उन्होंने स्थानीय फॉल्ट होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति बहाल करने पर विशेष जोर दिया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए भी बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि स्थानीय फॉल्ट के कारण कहीं आपूर्ति बाधित होती है तो उसे जल्द से जल्द ठीक किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उपभोक्ताओं को फॉल्ट की जानकारी और आपूर्ति बहाल होने में लगने वाले संभावित समय की सूचना दी जाए।
योगी सरकार के निर्देश पर विद्युत व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यूपीपीसीएल ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान यदि कहीं बिजली का टूटा हुआ तार दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और उसे छूने की कोशिश न करें। करंट लीकेज की आशंका होने पर तत्काल बिजली विभाग या टोल फ्री नंबर 1912 पर सूचना दें। यूपीपीसीएल के वितरण निदेशक ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने भी लोगों से बारिश और नमी के दौरान विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गीले या नंगे पैर विद्युत उपकरणों को न छुएं। बारिश के दौरान पार्कों या विद्युतीकृत क्षेत्रों में जमा पानी से दूर रहें और लोहे की जालियों व बाउंड्री को छूने से बचें। घरों में कूलर, फ्रिज, स्विच बोर्ड समेत अन्य विद्युत उपकरणों को भी सावधानी के साथ इस्तेमाल करें।
