चंडीगढ़: रक्षाबंधन के मौके पर पंजाब की महिलाओं को मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। सरकार 28 अगस्त को ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ की शुरुआत करेगी। योजना के तहत नई पंजीकरण कराने वाली पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि जमा कराई जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पटियाला के गांव देदना में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण महिला सम्मान, लैंगिक समानता और सामाजिक-आर्थिक फैसलों में उनकी भागीदारी के लिए बेहद जरूरी है।
योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी। सरकार ने इस योजना के लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
सरकार का दावा है कि पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है। रक्षाबंधन के दिन सम्मान राशि खाते में पहुंचाने का फैसला योजना को महिला सशक्तिकरण से जोड़ने की सरकार की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी काम कर रही है। सरकार का फोकस प्रदेश की आधी आबादी को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने पर है।
अब रक्षाबंधन पर शुरू होने वाली मावां-धीयां सत्कार योजना से पंजाब की महिलाओं को कितनी आर्थिक मदद मिलती है और इसका उनके जीवन पर कितना असर पड़ता है, यह आने वाले समय में देखने वाली बात होगी।
