Oplus_16908288
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर गंगा बैराज के पास एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हादसे का शिकार हो गया। नत्था पुरवा गांव के पास उड़ान भर रहे ट्विन इंजन विमान में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर जमीन पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान में दो पायलट सवार थे। हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला गया। घायल पायलट को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
विमान के जमीन पर गिरते ही उसका मलबा घटनास्थल पर बिखर गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और इलाके को घेर लिया।
फिलहाल एयरक्राफ्ट के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। उड़ान के दौरान विमान में धमाका किस कारण हुआ और क्या हादसे के पीछे तकनीकी खराबी थी, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल प्राथमिकता घायल पायलट के इलाज और हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने पर है।
