सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार शाम करीब 6:48 बजे अंकित आंय पूरी स्थित नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब दो मिनट में 20 राउंड फायर किए। गोलियां अंकित के शरीर के साथ उनकी कार में भी लगीं। हमले के बाद बदमाश सड़क पर शव छोड़कर करीब 200 मीटर तक फायरिंग करते हुए पैदल फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी ।
अंकित बालियान हत्या के बाद अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक कथित शूटर ने अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में हत्या की वजह को लेकर भी कई दावे किए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट या अंकित की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वारदात के बाद अंकित के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान, हत्या की वजह और कथित गैंग कनेक्शन समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
