लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर चल रहा था फरार, क्राइम ब्रांच SOG और इंदिरानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
लखनऊ। इंदिरानगर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी के दौरान परिवार पर हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुरेश पासी उर्फ सुरेश रावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
चोरी के दौरान परिवार पर बोला था हमला
थाना प्रभारी इंदिरा नगर ने बताया कि बीते दिनों इंदिरानगर थाना क्षेत्र में कुछ आरोपियों ने एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था। इस दौरान आरोपियों ने विरोध करने पर पीड़ित परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया था।
हमले में परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
कई आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसी कड़ी में फरार चल रहे सुरेश पासी उर्फ सुरेश रावत पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
इंस्पेक्टर इंदिरा नगर की माने तो गिरफ्तार किए गए इनामिया आरोपी सुरेश पासी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इंदिरा नगर पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उसकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
SOG और इंदिरानगर पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन
लखनऊ क्राइम ब्रांच के SOG प्रभारी शिवानंद मिश्रा की टीम और थाना इंदिरानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इंदिरानगर में हुई चोरी और हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे बढ़ा है।
फरार इनामिया आरोपी पर पुलिस की पैनी नजर
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसके पुराने आपराधिक मामलों और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
