मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शनिवार को पूर्वांचल के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लेंगे। इस दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बांसडीह, बैरिया और सदर तहसील के प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री देवरिया और गोरखपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
देवरिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सलेमपुर और भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 305 करोड़ रुपये की लागत वाली 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सहायता राशि भी वितरित की जाएगी। इन परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर पहुंचेंगे, जहां बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। साथ ही शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी नगर निगम की 140 और गोरखपुर विकास प्राधिकरण यानी जीडीए की 30 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कुल 170 परियोजनाओं पर करीब 130.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को पूर्वांचल में विकास और बाढ़ राहत व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
