उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर योगी सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के साथ अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए सभी संबंधित अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध रहें। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, आवश्यक दवाएं, जांच किट, उपचार की सुविधा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल और प्रभावी उपचार मिल सके।
सीएम योगी ने जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू से जुड़े मामलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए। स्थिति में किसी भी तरह के बदलाव या मामलों में वृद्धि की सूचना तत्काल शासन के उच्च स्तर तक पहुंचाई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेना और आवश्यक जांच कराना बेहद जरूरी है। समय पर बीमारी की पहचान और उपचार से गंभीर स्थिति से बचाव किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। मरीजों को समय पर जांच, आवश्यक दवाएं और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकीय तैयारियां बनाए रखी जाएं। सरकार का जोर निगरानी, समय पर जांच और त्वरित उपचार के जरिए स्वाइन फ्लू की स्थिति को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने पर है।
