गोरखपुर, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है। गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूरी गंभीरता के साथ शीघ्र निस्तारण किया जाए।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और कुर्सियों पर बैठे फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति के प्रार्थना पत्र को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पीड़ित को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय उपचार का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार की ओर से उपचार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों को तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में उन्होंने अधिकारियों से पहले संबंधित पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर समस्या का समाधान कराने की पहल करने को कहा। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता के साथ-साथ समयबद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रूप से शुरू हुई। गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोसेवा की और गायों व गोवंश को स्नेहपूर्वक पूड़ी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने गोवंश की देखभाल और उनके समुचित संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
