मुंबई: कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups’ रिलीज के बाद से लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले जबरदस्त बज देखने को मिला था, लेकिन सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद इसे दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा। कहानी और किरदारों को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। अब कन्नड़ सिनेमा के मशहूर अभिनेता और फिल्ममेकर ऋषभ शेट्टी ने यश के समर्थन में अपनी बात रखी है।
ऋषभ शेट्टी ने यश की जमकर तारीफ की
ऋषभ शेट्टी ने यश के अभिनय और फिल्म में किए गए प्रयोग की तारीफ करते हुए कहा कि एक कलाकार जब किसी किरदार को निभाता है तो वह पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ उसमें जान डालने की कोशिश करता है। उन्होंने फिल्म में एक शक्तिशाली किरदार के संघर्ष को दिखाने के तरीके की सराहना की।ऋषभ ने कहा कि हो सकता है कहानी या मुख्य किरदार उस पारंपरिक ट्रैक पर न हो, जिस पर आमतौर पर फिल्में चलती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह रास्ता गलत है। उन्होंने फिल्म बनाने की पूरी प्रक्रिया और इसके पीछे कलाकारों की मेहनत को भी रेखांकित किया।
‘यश सर, आपके साथ खड़ा हूं’
ऋषभ शेट्टी ने यश को संबोधित करते हुए उनके किरदार के लिए किए गए समर्पण की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यश ने जिस तरह किरदार में खुद को पूरी तरह ढाला, वह हर सीन में महसूस किया जा सकता है।उन्होंने आगे कहा कि दर्शकों को यह अनुभव कराना आसान नहीं है कि अपराध-बोध किस तरह बढ़ता है और जिंदगी में जहर घोल सकता है। ऋषभ ने इसे एक साहसी प्रयोग बताते हुए यश के प्रति अपना समर्थन जताया।उन्होंने यश की तारीफ करते हुए यह भी कहा कि जिस तरह अभिनेता ने कन्नड़ सिनेमा को ग्लोबल स्टेज तक पहुंचाया है, उसके लिए वह उनके साथ खड़े हैं।
रिलीज से पहले था जबरदस्त बज
यश की ‘Toxic’ का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। फिल्म को पहले 19 मार्च को रिलीज किया जाना था, लेकिन रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई। इसके बाद फिल्म की रिलीज को लेकर कई बार चर्चा हुई और आखिरकार 26 अगस्त को इसे सिनेमाघरों में रिलीज किया गया।फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश डबल रोल में नजर आते हैं। उनके किरदारों के नाम राया और टिकट बताए गए हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार शामिल हैं।
‘Toxic’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पहले दिन फिल्म को 24,579 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी 56.1 प्रतिशत रही।दूसरे दिन कमाई घटकर 37.65 करोड़ रुपये रह गई। तीसरे दिन फिल्म ने 27.20 करोड़ रुपये, जबकि चौथे दिन करीब 24.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इन आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का शुरुआती दिनों में कलेक्शन लगातार नीचे आया।रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म अब तक बॉक्स ऑफिस पर 190.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है। हालांकि फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया और आने वाले दिनों की कमाई यह तय करेगी कि ‘Toxic’ बॉक्स ऑफिस पर कितना लंबा सफर तय कर पाती है।फिलहाल निगेटिव रिव्यूज के बीच ऋषभ शेट्टी का यश के समर्थन में सामने आना कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के भीतर की बॉन्डिंग और एक-दूसरे के काम के प्रति सम्मान को भी दिखाता है।
