बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।अनिल शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री एवं जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक अनिल शर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।”सीएम योगी ने आगे कहा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने अपनी संवेदना के साथ ‘ॐ शांति’ भी लिखा।अनिल शर्मा के निधन को भाजपा के लिए भी बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके निधन की सूचना के बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
