रायबरेली के ऊंचाहार में आयोजित शिव महापुराण कथा में शामिल होने पहुंचे कुंडा विधायक राजा भैया ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने प्रदर्शन की आड़ में कथित तौर पर लगे देशविरोधी नारों और आतंकियों के समर्थन में नारेबाजी को लेकर चिंता जताई।
राजा भैया ने कहा कि प्रदर्शन पेपर लीक के मुद्दे को लेकर हो रहा था, लेकिन वहां भारत के खिलाफ नारे लगाए गए और आतंकियों की जय-जयकार की गई।राजा भैया ने प्रदर्शन में कथित फंडिंग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विघटनकारी शक्तियों और मिडिल ईस्ट से प्रदर्शनकारियों को फंडिंग की गई। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लंदन से प्रदर्शनकारियों के लिए पिज्जा तक ऑर्डर किया जा रहा था।
राजा भैया ने प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल किए गए कुछ नारों और शब्दों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे शब्द हमारी सभ्यता और संस्कृत से मेल नहीं खाते और न ही उनका हमारे आदर्शों से कोई संबंध है।उन्होंने कहा कि आज राष्ट्र के सामने अलग-अलग तरह के खतरे मौजूद हैं, ऐसे में सभी को सजग और सतर्क रहना होगा। राजा भैया ने कहा आज कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र धारण करने की भावना भी जरूरी है।
