उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में इस बार बागपत की पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पाद और उद्यमिता की झलक वैश्विक मंच पर देखने को मिलेगी। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले ट्रेड शो में जिले के 20 से अधिक नवीन निर्यातक, ओडीओपी उत्पादक, एमएसएमई, महिला और युवा उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।बागपत के लिए इस आयोजन का खास आकर्षण जून 2023 में जीआई टैग हासिल करने वाला होम फर्निशिंग उत्पाद होगा।
खेकड़ा की पीढ़ियों पुरानी हथकरघा बुनाई से तैयार होने वाले बेडशीट, पर्दे, मेजपोश और रनिंग फैब्रिक अपनी खास पहचान के साथ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने पेश किए जाएंगे। मास्टर वीवर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी के जरिए तैयार होने वाले इन उत्पादों में सूती धागे से फ्रेम लूम पर मजबूत और आकर्षक बुनाई की जाती है।यूपीआईटीएस के अलग-अलग हॉल में बागपत के नवीन निर्यातकों और उद्यमियों को स्टॉल आवंटित किए गए हैं। नवीन निर्यातकों की श्रेणी में वीवर्स प्वाइंट, शाहिद टेक्स इंडिया, वाया होम्स और विनय एक्सपोर्ट समेत अन्य कारोबारी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। वहीं ओडीओपी श्रेणी में शमशाद टेक्सटाइल, द राइजिंग सन, बंसल टेक्सटाइल्स और त्रिसव टेक्सटाइल सहित जिले के अन्य उद्यमी हिस्सा लेंगे।
एमएसएमई, महिला एवं युवा उद्यमियों की श्रेणी में भी बागपत के कारोबारी अपने उत्पादों के साथ विदेशी खरीदारों से रूबरू होंगे।ट्रेड शो में बागपत के कृषि आधारित उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। अम्ब्रोसिया नेचुरल्स शहद और होम प्रोडक्ट्स का प्रदर्शन करेगा, जबकि बागपत ब्लूम मिलेट्स के माध्यम से स्थानीय कृषि उत्पादों को वैश्विक मंच मिलेगा। इससे जिले के पारंपरिक और कृषि उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।इस बार ट्रेड शो में पहली बार एक जिला एक व्यंजन यानी ओडीओसी के लिए विशेष पैवेलियन तैयार किया गया है। यहां बागपत के पारंपरिक स्वाद की भी झलक देखने को मिलेगी।
अमीनगर सराय का प्रसिद्ध घेवर और बागपत की बालूशाही विदेशी मेहमानों को जिले के स्थानीय स्वाद से परिचित कराएंगे।25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो में सिंगापुर, वियतनाम, इंडोनेशिया, मलेशिया, जापान, रूस, थाईलैंड और ऑस्ट्रिया समेत कई देशों के प्रतिनिधि और खरीदार पहुंचेंगे। ऐसे में बागपत के उद्यमियों को अपने उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच बढ़ाने और नए कारोबारी संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा।उपायुक्त उद्योग राजेंद्र सिंह ने कहा कि यूपीआईटीएस जिले के उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। ट्रेड शो को लेकर जिले के उद्यमियों में खासा उत्साह है और उन्हें उम्मीद है कि इस आयोजन से बागपत के उत्पादों को नए बाजार और नए खरीदार मिलेंगे।
