अयोध्या। राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपियों की जमानत अर्जियों पर आज होने वाली सुनवाई टल गई। एंटी करप्शन कोर्ट में पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की, जिसके बाद कोर्ट ने जमानत अर्जियों पर सुनवाई के लिए 22 सितंबर की तारीख तय की है।
मामले में आरोप पत्र दाखिल करने की 90 दिन की अवधि 21 सितंबर को पूरी हो रही है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक आरोप पत्र दाखिल नहीं किया जा सका है। पुलिस ने कोर्ट से आरोप पत्र दाखिल करने के लिए समय मांगा है।
इस मामले में 5 सितंबर को आरोपियों की ओर से जमानत अर्जियां दाखिल की गई थीं। इनमें रमाशंकर, मनीष, अविनाश, अनुकल्प, लवकुश, करुणेश, रामशंकर यादव और सुभाष श्रीवास्तव की जमानत अर्जियां शामिल हैं। अब सभी आरोपियों की जमानत अर्जियों पर 22 सितंबर को एंटी करप्शन कोर्ट में सुनवाई होगी।
