लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने पार्टी नेताओं और सहयोगी दलों के साथ संवाद बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली सदर की विधायक अदिति सिंह से मुलाकात की। दोनों के बीच हुई बातचीत ऐसे समय हुई है, जब अदिति सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

उधर, बीजेपी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने गोरखपुर पहुंचकर निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान निषाद समाज से जुड़े मुद्दों, आरक्षण और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल पर भी बातचीत हुई। सीटों के बंटवारे और गठबंधन के स्तर पर समन्वय को लेकर भी चर्चा को अहम माना जा रहा है। संजय निषाद के परिवार ने तावड़े का स्वागत किया।दरअसल, पिछले कुछ समय से संजय निषाद की बीजेपी से नाराजगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में तावड़े की मुलाकात को सहयोगी दलों के साथ संवाद मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।बीजेपी नेतृत्व की इन बैठकों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन, विधायकों और सहयोगी दलों के बीच समन्वय बढ़ाने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
