KGMU में नर्सिंग छात्रा की मौत के बाद बवाल जारी, प्रिंसिपल के इस्तीफे के बाद अब डीन पर कार्रवाई की मांग
लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में बीएससी नर्सिंग सेकेंड ईयर की छात्रा दिव्यांशी की मौत के बाद छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। डेंगू से छात्रा की मौत के बाद साथी छात्र-छात्राओं ने कक्षाएं बंद कर विरोध शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि तबीयत खराब होने के बावजूद मेडिकल लीव और इलाज को लेकर उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
15 घंटे तक चला प्रदर्शन
सोमवार को KGMU कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन करीब 15 घंटे तक चला। प्रदर्शनकारी नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल समेत जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। बढ़ते दबाव के बीच नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल सूचना राय भौमिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
प्रिंसिपल के बाद अब डीन के इस्तीफे की मांग
प्रिंसिपल के इस्तीफे के बावजूद छात्रों का प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ। अब छात्र नर्सिंग की डीन डॉ. अमिता पांडेय मिश्रा के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने हॉस्टल में कई अन्य विद्यार्थियों के बीमार होने का भी दावा किया है।
KGMU प्रशासन ने गठित की जांच कमेटी
मामले को गंभीरता से लेते हुए KGMU प्रशासन ने जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी छात्रा की तबीयत खराब होने से लेकर इलाज, मेडिकल लीव और संस्थान की ओर से उठाए गए कदमों समेत पूरे मामले की जांच करेगी।
जांच के बाद किसकी तय होगी जिम्मेदारी?
छात्रा की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पूरे मामले में जिम्मेदारी किसकी तय होती है। क्या जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी? फिलहाल छात्रों का विरोध जारी है और सभी की नजरें पांच सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट पर टिकी हैं।
